Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे : कांग्रेस

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)। कांग्रेस एआईसीसी के आब्जर्वर बीएम संदीप ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने व आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का पूरा प्रयास किया जायेगा। कहा कि मतदान का अधिकार छीनने का कार्य भाजपा कर रही है जिसे कामयाब नहीं होने दिया जायेगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी को पकड़ा है व बैंगलुरू के महादेव पुरा की विधानसभा में एक लाख से अधिक फर्जी मतों को पकड़ा है। आरोप लगाया कि बिहार में 65 लाख लोगों का मतदान का अधिकार छीनने का कार्य भाजपा ने किया है। बुधवार को मसूरी में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस एआईसीसी के आब्जर्वर बीएम संदीप ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे व वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पूरे देश में कांग्रेस को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव करना है उसमें सभी कार्यकर्ताओं से राय ली जा रही है। उन्होंने कहा कि वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान जनता का अभियान बन गया। डा. अंबेडकर के नेतृत्व में पहले दिन से ही संविधान में वोट देने का अधिकार सभी को मिला था जबकि अमेरिका, फ्रांस स्वीटजरलैंड में संविधान बनने के कई सालों बाद मतदान का अधिकार महिलाओं को दिया गया था। लेकिन भाजपा व आरएसएस मतदान का अधिकार छीनने का कार्य कर रही है। बिहार में 65 लाख मतदाताओं को मतदान सूची से बाहर कर संविधान का घोर उल्लंघन किया है। बीजेपी हमेशा संविधान के विरोध में बात करती है और अब पूरे देश में भाजपा के खिलाफ माहौल बन रहा है। कांग्रेस के आब्जर्वर नवीन जोशी ने कहा कि कांग्रेस पूरे राज्य में कांग्रेस को मजबूत करने का प्रयास कर रही है। उत्तराखंड में सभी ने जिला पंचायतों के चुनाव में देखा होगा कि किस तरह से किडनेपिंग की गयी, जीते प्रत्याशियों को किडनेप किया गया, जिला पंचायत अध्यक्ष किस तरह बनाये यह भी राज्य की जनता ने देखा है। उन्होंने कहा कि मसूरी में भी जिलाध्यक्ष की रायशुमारी करने मसूरी आये हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध बढ़े हैं, आपदा में कितनों की मौत हुईख् कितना नुकसान हुआ इसकी जानकारी आज तक नहीं दी गयी। उन्होंने कहा कि सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ व एनडीआरएफ बधाई की पात्र है जिन्होंने लोगों को बचाने का कार्य किया। केंद्र सरकार उत्तराखंड को आपदा प्रदेश घोषित करे व विशेष पैकेज दे ताकि आपदा से निपटा जा सके। कांग्रेस की महामंत्री गोदावरी थापली ने कहा कि प्रदेश में लगातार महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं। अंकिता भंडारी का मामला अभी तक नहीं सुलझा है, महिला कांग्रेस भी विरोध प्रदर्शन करेगी।महिलाओं ने देश को आजाद कराने से लेकर राज्य बनाने में अहम योगदान दिया है। विगत दिवस भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय पर हमला किया निंदनीय है। आरोप लगाया कि भाजपा लगातार भ्रष्टाचार में लिप्त है। आगामी विधानसभा में कांग्रेस जिसे टिकट देगी उसे पूरी ताकत से जिताने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, सुमित राठौर, महिमानंद, मेघ सिंह कंडारी, नागेंद्र उनियाल, आबजर्बर विरेंद्र पोखरियाल, जगदीश चौहान, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर, महेश चंद आदि मौजूद रहे।