Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने उठाये सवाल

Spread the love


अल्मोड़ा। ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने सरकार से कार्यक्रम के स्वरूप और उसमें राजनीतिक पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण, मातृ-शिशु कल्याण तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है। अल्मोड़ा में 1,860 आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी विभागीय स्तर से सामने आई है। भोज ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समुदाय की भागीदारी स्वाभाविक है, लेकिन यदि किसी सरकारी कार्यक्रम में राजनीतिक दल के पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि या प्रमुख भूमिका दी जा रही है तो सरकार को इसके लिए निर्धारित प्रोटोकॉल स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों में ‘आंगन का मिलन’ की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ भाजपा पदाधिकारियों की बैठकों का उल्लेख समाचारों में हुआ है। कांग्रेस का सवाल किसी व्यक्ति विशेष को लेकर नहीं, बल्कि सरकारी कार्यक्रमों की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर है। यदि कार्यक्रम विभागीय और सरकारी संसाधनों से आयोजित हो रहा है तो अतिथि सूची और कार्यक्रम संचालन के संबंध में स्पष्ट एवं समान नियम होने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *