Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

रानीखेत और द्वाराहाट विधानसभा में एसआईआर का डिजिटाइजेशन कार्य पूरा

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत रानीखेत और द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्रों में प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस उपलब्धि पर दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सुपरवाइजरों, बीएलओ तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी ने समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया है। इससे निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अद्यतन और शुद्ध बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रभावी ढंग से प्रयोग कर सके। उन्होंने इस कार्य में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता तथा टीम भावना की सराहना की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि यदि किसी मतदाता को निर्वाचन नामावली में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन अथवा अन्य किसी जानकारी की आवश्यकता हो तो वह अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी अपील की कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने गणना प्रपत्र बीएलओ को जमा नहीं किए हैं, वे शीघ्र प्रपत्र जमा कर मतदाता सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने में सहयोग करें।