Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

भारत-मालदीव की सेनाएं कर रही संयुक्त सैन्य अभ्यास



अल्मोड़ा। भारतीय सेना और मालदीव की सेना एक संयुक्त सैन्य अभ्यास कर रही है। दोनों देशों के बीच यह संयुक्त सैन्य अभ्यास उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद स्थित चौबटिया में शुरू किया गया है। इस अभ्यास का उद्देश्य आतंकवाद-रोधी अभियान में संयुक्त मानवीय सहायता और आपदा राहत कार्यो को अंजाम देना है। मालदीव का राष्ट्रीय रक्षा बल, भारत के साथ इस संयुक्त अभ्यास का हिस्सा बना है। चौबटिया में यह संयुक्त अभ्यास 11 जून से 24 जून 2023 तक हो रहा है। संयुक्त सैन्य अभ्यास का नाम एक्स एकुवेरिन है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह इस संयुक्त सैन्य अभ्यास का 12वां संस्करण है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक मित्र अर्थ वाला एकुवेरिन, भारत और मालदीव में वैकल्पिक रूप से आयोजित होने वाला एक द्विपक्षीय वार्षिक अभ्यास है। विदित हो इस अभ्यास का 11वां संस्करण दिसंबर 2021 में मालदीव में आयोजित किया गया था। दोनों देशों के बीच ये रक्षा सहयोग, संयुक्त अभ्यास करने से लेकर रक्षा प्रशिक्षण और उपकरण आवश्यकताओं के लिए मालदीव की सहायता करने तक फैला हुआ है। दोनों देशों के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और सैन्य सहयोग में बहुत नजदीकी और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। ‘एक्स एक्यूवेरिन’ दोनों देशों के बीच इन संबंधों को और मजबूत करने में मदद करेगा। इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के कहे अनुसार काउंटर इंसर्जेंसी/आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन में इंटरऑपरेबिलिटी को बढ़ाना और संयुक्त मानवीय सहायता और आपदा राहत कार्यों को अंजाम देना है। इसमें सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने, सामरिक स्तर पर दोनों बलों के बीच समन्वय और सहयोग बढ़ाने पर ध्यान रहेगा।