Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

केदारनाथ हाईवे पर जगह-जगह पड़े मलबे को 15 दिन में हटाएं: डीएम

Spread the love

रुद्रप्रयाग(आरएनएस)।  वर्तमान में चल रही शीतकालीन यात्रा के साथ ही आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने गुरुवार को केदारनाथ हाईवे का रुद्रप्रयाग से कुंड तक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कई जगहों पर मलबा गिरे होने पर नाराजगी जताई साथ ही 15 दिनों के भीतर मलबा हटाने के लिए एनएच लोनिवि को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती के साथ ही एनएच के अफसरों के साथ केदारनाथ हाईवे का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने नई सुरंग के पास रुद्रप्रयाग एवं अगस्त्यमुनि की ओर से हाईवे ऊबड़ खाबड़ एवं क्षतिग्रस्त होने पर उसे तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग में जो भी क्षतिग्रस्त पुश्ते हैं उन्हें एक माह में ठीक दिया जाए। यात्रा शुरू होने से पहले पुश्ते पूरी तहर बेहतर कर दिए जाएं ताकि किसी तरह की दिक्कत न हो। यह भी निर्देश दिए हैं कि सड़क किनारे पानी की निकासी के लिए बनी नालियों की साफ-सफाई निरंतर की जाए। जिलाधिकारी ने कुंड में निर्माणाधीन वैली ब्रिज का निर्माण तेजी से करने के निर्देश दिए साथ ही एनएच के अधिशासी अभियंता को 15 दिन के भीतर कार्य पूरा कर पुल आवाजाही के लिए तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि जो भी शेष कार्य है उसे 23 जनवरी तक पूरा कर लिया जाए। इस मौके पर सीडीओ जीएस खाती, एनएच लोनिवि ईई प्रेरणा जगूड़ी, ईई लोनिवि ऊखीमठ मनोज भट्ट, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि प्रवीण भट्ट, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ईनायत सिद्धकी आदि मौजूद थे।