Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

खानपुर के विधायक उमेश कुमार और 200 से अधिक समर्थकों पर केस, पथराव करने वालों की पहचान

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।     खानपुर के विधायक उमेश कुमार और उनके समर्थकों के खिलाफ एक और केस दर्ज किया गया है। विधायक उमेश कुमार और उनके 200 से अधिक समर्थकों के खिलाफ लक्सर में बिना इजाजत के ‘महापंचायत’ आयोजित करने और ‘दंगा’ करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। उमेश कुमार के समर्थक शुक्रवार को कार्यक्रम रद्द होने के बावजूद लक्सर में जमा हुए और पुलिस कर्मियों से उलझ गए। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया।
समर्थकों की यह भीड़ ‘महापंचायत’ विधायक के साथ एकजुटता दिखाने और खानपुर से भाजपा के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की ओर से हाल ही में कथित तौर पर उमेश कुमार के कैंप कार्यालय पर की गई गोलीबारी का विरोध करने के लिए थी। खानपुर विधायक उमेश कुमार के उग्र समर्थकों ने कथित तौर पर पुलिस कर्मियों पर ईंट-पत्थरों से पथराव किया था।
हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि विधायक उमेश कुमार के अलावा विकास शर्मा, राजकिशोर शर्मा, प्रवेश भारद्वाज, सतीश भारद्वाज, कपिल पंडित और 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। इन लोगों से पूछताछ की जा रही है। इन लोगों पर भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें गैरकानूनी तरीके से जमावड़े का आरोप भी शामिल है।
हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निर्दलीय विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच जारी टकराव के बीच दोनों ही पक्षों की ओर से लगातार शक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है। सबसे पहले पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के समर्थकों ने लंढौरा में जहां वे रहते हैं, वहां गुज्जर महापंचायत की।
इसके अगले ही दिन उमेश कुमार के समर्थकों ने ब्राह्मण महापंचायत की घोषणा कर दी। हालांकि पुलिस प्रशासन ने सभा की अनुमति नहीं दी। इसके बावजूद शुक्रवार को लक्सर में महापंचायत के लिए हजारों की भीड़ जुट गई। बताया जाता है कि लक्सर के लंढौरा में किसान इंटर कॉलेज मैदान में जब भीड़ जुटने लगी तो पुलिस ने लोगों को रोकने की कोशिश की। इससे वहां मौजूद लोग भड़क गए और धक्का-मुक्की होने लगी और लोगों ने कथित तौर पर पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। पुलिस ने बताया कि घंटों तक उमेश कुमार के समर्थकों की अराजकता जारी रही। उमेश कुमार के समर्थकों के पथराव में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। अब उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। उनको गिरफ्तार किया जाएगा। उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हरिद्वार पुलिस सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रख रही है। गलत और फेक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।