Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

देश विभाजन की दोषी कांग्रेस अब समाज विभाजन का षड्यंत्र कर रही : भट्ट

Spread the love

बोले- सभी एससी सीटों पर कमल खिलाकर जनता कांग्रेस को सिखाएगी सबक

देहरादून(आरएनएस)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर देश और समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन की दोषी कांग्रेस अब समाज में विभाजन और सामाजिक विद्वेष का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है। जनता इसका जवाब आगामी चुनाव में प्रदेश की सभी अनुसूचित जाति आरक्षित विधानसभा सीटों पर कमल खिलाकर देगी।
पार्टी मुख्यालय में अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए भट्ट ने कहा कि जिन आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है, उनसे संबंधित उनका कोई मीडिया बयान या लिखित तथ्य सामने नहीं आया है। ऐसे में उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया का जवाब संवैधानिक और कानूनी तरीके से दिया जाएगा।
भट्ट ने हल्द्वानी की घटना से भाजपा का कोई संबंध होने से भी इनकार किया। उन्होंने कहा कि वहां संबंधित कार्यक्रम किसी स्वयंसेवी संस्था की ओर से आयोजित किया गया होगा। उनके मुताबिक, कांग्रेस चुनाव में अपनी हार सामने देखकर बौखलाई हुई है और उसके पास जनता के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। इसी कारण वह समाज को बांटने का प्रयास कर रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भी गलत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामाजिक विद्वेष का वातावरण बनाने के प्रयास का भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे। इसी क्रम में भाजपा ने प्रदेश के सभी जिलों में ‘समरसता-सौहार्द संकल्प धरना’ आयोजित करने का निर्णय लिया है।

‘समाज को बांटने नहीं देंगे’
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती। भाजपा समाज को बांटने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के किसी भी प्रयास का विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि समाज को टूटने नहीं दिया जाएगा और कानूनी मामलों में भी भाजपा संवैधानिक प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखेगी।उन्होंने कर्नाटक में दर्ज रिपोर्ट में भाजपा कार्यकर्ता का उल्लेख किए जाने पर भी आपत्ति जताई। भट्ट ने कहा कि संबंधित कार्यक्रम में भाजपा का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं था। उन्होंने इसे लेकर कड़ी भर्त्सना की।
एससी सीटों पर जीत का दावा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित विधानसभा सीटों पर भाजपा लगातार अधिकांश सीटों पर जीत हासिल करती रही है। इस बार पार्टी इससे भी आगे बढ़ते हुए सभी एससी आरक्षित सीटों पर प्रचंड मतों से जीत दर्ज करेगी।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस की कथित विभाजनकारी राजनीति का जवाब जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी और भाजपा सामाजिक समरसता एवं सौहार्द के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी।