Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

भाजपा द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों को फेसबुक के माध्यम से अपने खाते में डालने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं विधायक: बिट्टू कर्नाटक

Spread the love


अल्मोड़ा-प्रेस को जारी एक बयान में भाजपा नेता एवं पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि करोड़ों रुपए की कीमत से क्वारब डेंजर जोन का सुधारीकरण कार्य प्रारंभ हो चुका है केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा स्वयं इस कार्य की मॉनीटरिंग कर रहे हैं,लेकिन इसके बावजूद इस कार्य का श्रेय लेने की कांग्रेस नेताओं में होड़ मच चुकी है। अल्मोड़ा के कांग्रेस पदाधिकारी , अल्मोड़ा विधायक , कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ,प्रदेश अध्यक्ष हों या शीर्षस्थ नेता इस मौके को छोड़ना नहीं चाहते और क्वारब डेंजर जोन निर्माण कार्य का श्रेय उनके खाते में जाए इस उद्देश्य के साथ 22 मई को जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने जा रहे हैं, जिससे उसके बाद क्वारब डेंजर जोन के सुधारीकरण कार्य की फोटो सोशल मीडिया में डालकर जनता को यह बता सके कि हमारे जिलाधिकारी कार्यालय घेराव के बाद सुधारीकरण का कार्य प्रारंभ हुआ है। कर्नाटक ने कहा कि अल्मोड़ा की शिक्षित जनता सुनती भी है,देखती और समझती भी है।समस्त जनता को पता है कि क्वारब डेंजर जोन का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है ,ऐसे में कांग्रेस के नगर से लेकर केंद्र तक के नेता इस कार्य का श्रेय लेने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय घेराव के नाम पर मात्र नौटंकी कर रहे हैं,इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ पदाधिकारी कोरी बयान बाजी कर जनता का ध्यान बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं पर शायद अब वह यह भूल गए हैं कि राजनीति में उनका अस्तित्व शून्य हो चुका है।इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि फलसीमा में ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिस सड़क का कार्य प्रारंभ हुआ है उसके लिए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष द्वारा लगातार प्रयास किए गए और यह प्रयास कोरे नहीं थे बल्कि लिखित पत्रों के रूप में आज भी प्रत्यक्ष रूप में हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री के माध्यम से उनके द्वारा अल्मोड़ा विधानसभा के फलसीमा गांव में मेरा गांव – मेरी सड़क योजना के अन्तर्गत सड़क स्वीकृत कराई गई थी जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्गत किया गया पत्र है,उन्होंने कहा कि सड़क स्वीकृत होने के बाद अल्मोड़ा विधायक लोकार्पण के पत्थर के साथ फोटो खींच कर सोशल मीडिया में डालकर यह जताने की कोशिश कर रहे हैं कि यह सड़क उनके द्वारा बनवाई गई है, श्री कर्नाटक ने कहा कि कब तक कांग्रेस और कांग्रेस के विधायक दूसरों की मेहनत का श्रेय लेते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज यह समय नहीं है कि कांग्रेस विधायक जनता से कुछ भी कह देंगे और जनता उसको स्वीकार कर लेगी, जनता सब जानती और समझती है ,यही कारण है कि जनता लगातार भारतीय जनता पार्टी को राज्य से लेकर केन्द्र की सत्ता की चाबी सौंप रही है।उन्होंने कहा कि हाल में ही संपन्न हुए नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को जो करारी और ऐतिहासिक हार मिली है उसके बाद भी कांग्रेसी अपने आचरण में सुधार नहीं ला रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप निश्चित रूप से यह होगा कि जनता सौ प्रतिशत कांग्रेस की नीति और चरित्र को पहचान जाएगी और आने वाले समय में कांग्रेस में स्वयंभू नेता तो बचेंगे लेकिन कार्यकर्ता एक भी नहीं रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *