Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

त्यूणी में एटीएम की सुविधा नहीं होने से ग्रामीण और व्यापारी परेशान

Spread the love

विकासनगर(आरएनएस)।  त्यूणी में एटीएम सुविधा नहीं होने से स्थानीय व्यापारियों के साथ ग्रामीणों को लेन-देन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरबीआई को ज्ञापन भेजकर एटीएम सुविधा मुहैया कराने की मांग की है। ज्ञापन में बताया कि सीमांत तहसील के 50 से अधिक गांवों के साथ उत्तरकाशी की बंगाण पट्टी, पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के शिमला जनपद के 20 गांवों की व्यावसायिक गतिविधियों को प्रमुख केंद्र त्यूणी कस्बा ही है। यहां हर दिन बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी करने आते हैं। इसके साथ त्यूणी कस्बे से देहरादून और हिमाचल प्रदेश के लिए यात्री वाहनों का संचालन होता है। इसके साथ बड़ी संख्या में पर्यटक भी पहुंचते हैं। एटीएम की सुविधा नहीं होने से यहां व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। अधिकांश ग्रामीणों के पास डिजिटल पेमेंट की सुविधा नहीं है। कई बुजुर्गों को डिजिटल पेमेंट की जानकारी नहीं है। ऐसे में बाजार आने वाले ग्राहकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। नकदी की निकासी के लिए उन्हें बैंक की लाइन में लगना पड़ता है। इसमें समय अधिक लगता है। त्यूणी कस्बे में उत्तरांचल ग्रामीण बैंक, एसबीआई और पीएनबी की शाखाएं हैं, लेकिन एटीएम सुविधा नहीं मिल रही है। स्थानीय लोगों ने कस्बे में जल्द एटीएम सुविधा मुहैया कराने की मांग की है। ज्ञापन भेजने वालों में रमेश चौहान, यशपाल ठाकुर, रामशरण जोशी, बलवीर चौहान, पंकज, जगदीश डोभाल, भागीराम डोभाल और विजय चौहान आदि शामिल रहे।