Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया होली का पर्व

Spread the love

रुद्रप्रयाग(आरएनएस)। मुख्यालय सहित जनपद के सभी स्थानों पर होली का पर्व धूमधाम व शांतिपूर्वक ढंग से मनाया गया। होल्यारों ने अनेक जगहों पर एक दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। वहीं जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में होली मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें डीएम सौरभ गहरवार ने अधिकारी एवं स्थानीय जनता के साथ होली खेली। रंगों का पर्व होली को लेकर मुख्यालय सहित जनपद के सभी स्थानों पर सुबह से ही बच्चे, नौजवान, महिला एवं पुरुष सभी ने होली मनानी शुरू कर दी। एक दूसरे पर रंग लगाकर होली के गीतों में सराबोर रहे। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में होलियरों की अलग अलग टोलियों ने ढोल नगाड़ों के साथ गांवों में एक दूसरे से मुलाकात की। घरों में उन्हें गुजिया के साथ ही कई मिठाई बांटी गई। इधर, जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने अपने विभागीय कार्मिकों एवं आम लोगों के साथ होली खेली। जबकि एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे ने डीएम के साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ मिलकर जमकर होली खेली। साथ ही सम्पूर्ण रुद्रप्रयाग पुलिस परिवार ने गुलाल की खुशबू और रंगों की मोहकता के बीच, सभी ने एक दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए होली के पारंपरिक गीतों पर थिरक कर इस त्यौहार का आनन्द लिया गया। एसपी कैम्प कार्यालय व पुलिस कार्यालय परिसर में समस्त पुलिस कर्मियों के साथ हर्षोल्लास के साथ होली मनाई गई। पुलिस स्तर से त्यौहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम किए गए थे। वहीं जिला मुख्यालय के साथ ही तिलवाडा, चोपड़ा, चोपता, अगस्त्यमुनि, चन्द्रापुरी, जखोली, ऊखीमठ, गुप्तकाशी, फाटा, मयाली, जखोली समेत कई स्थानों पर भी होली का पर्व धूमधाम से मनाई गई। जनपद में कही भी कोई अप्रिय घटना की सूचना इस मौके पर नहीं मिली।