Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में योग महोत्सव का बड़ा योगदान: महाराज

Spread the love

देहरादून। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने एक मार्च से ऋषिकेश में शुरू होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव को न सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर, बल्कि समूचे विश्व के लिए अहम आयोजन बताया। कहा कि उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में योग महोत्सव का बड़ा योगदान है।
महाराज ने कहा कि योग हमारी प्राचीन संस्कृति और विरासत का अमूल्य हिस्सा है। उसे वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में यह महोत्सव अहम भूमिका निभाएगा। हर साल हजारों योग साधक और विशेषज्ञ इस महोत्सव में शामिल होते हैं। इससे उत्तराखंड को विश्व योग राजधानी के रूप में और अधिक प्रतिष्ठा मिलती है। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह आयोजन और भी भव्य और प्रभावशाली होगा। देश विदेश से योग प्रेमी, साधक और गुरु इस पावन भूमि पर एकत्रित होंगे। योग के माध्यम से मानवता को शांति, संतुलन और स्वास्थ्य का संदेश देंगे। उत्तराखंड सरकार पर्यटन और योग को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि इस महोत्सव के माध्यम से अधिक से अधिक लोग योग अपनाएं। अपने जीवन में स्वास्थ्य और सकारात्मकता लाएं। महाराज ने सभी श्रद्धालुओं और योग प्रेमियों से आग्रह किया कि वे इस अनोखे आयोजन का हिस्सा बनें और उत्तराखंड की दिव्यता का अनुभव करें।