Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

07 से 12 मार्च तक उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के आसार

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 07 से 12 मार्च तक राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। विशेष रूप से ऊंचाई वाले इलाकों और चोटियों पर इन दिनों मौसम खराब रहने का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 07 और 08 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में लगभग 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं 09 से 12 मार्च के बीच उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में करीब 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।

मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बताया जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में राज्य के मैदानी इलाकों के अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

उत्तराखंड के साथ ही हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भी मौसम प्रभावित रहने का अनुमान है। वहां भी 12 मार्च तक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी और सोलन जैसे जिलों में दोपहर के समय गर्म हवाएं चलने की भी संभावना बताई गई है।