Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज

Spread the love

अल्मोड़ा। स्वतंत्रता दिवस और ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 9 से 17 अगस्त तक जनपदभर में अभियान चलाने तथा 15 अगस्त के सभी कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभियान के तहत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस स्टेशनों, पार्कों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर तिरंगा प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित होगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की रूपरेखा भी तय की गई। इसके तहत 15 अगस्त को प्रातः प्रभातफेरी निकाली जाएगी। सुबह 9 बजे सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण होगा। इसके बाद सुबह 9:30 बजे जिला अधिकारी कार्यालय में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक की राष्ट्र के प्रति आस्था, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों और आम नागरिकों से ध्वज संहिता का पालन करते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही निर्देश दिए कि जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसीलों और ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम पूरे उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किए जाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।