Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कीर्तिनगर में कांग्रेस का केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन


श्रीनगर गढ़वाल।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीर्तिनगर में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद की सदस्यता खत्म करने के निर्णय के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि इससे पूरी तरह से स्पष्ट है कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है। कहा एक ओर पिछले 10 दिनों से संसद को भाजपा के सांसदों के द्वारा चलने नहीं दिया जा रहा था वहीं दूसरी तरफ बहुत तेजी दिखाते हुए राहुल गांधी की सदस्यता को निरस्त करने में भाजपा सरकार ने देरी नहीं की। इस मौके पर युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अंकित सिंह ने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी सत्य और अहिंसा की राह पर चलते हुए लड़ती रहेगी और भविष्य में और भी तेजी से जन आंदोलन करेगी। सेवादल के प्रदेश सचिव मंगतराम मटियाल और सेवादल जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चंद ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर प्रदेश से लेकर देश में हर मुद्दे पर विफल रही है। महंगाई और बेरोजगार चरम पर है। आईटी सेल के प्रदेश सचिव रामलाल नौटियाल ने कहा कि 2019 में कर्नाटक में दिए गए भाषण पर 4 साल तक कुछ नहीं होता है। एफआईआर तक कर्नाटक में नहीं होती है और सबसे निचली अदालत के फैसले पर संसद द्वारा राहुल गांधी की सदस्यता को खत्म करना लोकतंत्र को खत्म करना है। कहा लोकतंत्र बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी गांव-गांव तक देश बचाओ, मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ मोदी हटाओ नारों के साथ आंदोलन करेगी। मौके पर वीरेंद्र राणा, दिनेश भंडारी, उदय रावत, अनिल कुमार, विनोद रौथाण, दिनेश स्नेही, दीपू थपलियाल आदि मौजूद रहे।