अल्मोड़ा। भारी बारिश की चेतावनी के दृष्टिगत जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने समस्त उपजिलाधिकारियों एवं नगर आयुक्त के साथ बैठक कर जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहते हुए अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील मार्गों और अन्य संभावित खतरे वाले स्थानों की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने जोखिम वाले भवनों का समय रहते आकलन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें खाली कराकर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। सड़कों की स्थिति की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर मार्गों की अद्यतन जानकारी लेते रहने को कहा। सड़क अवरुद्ध होने की स्थिति में मार्ग खोलने के लिए आवश्यक मशीनरी एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षित आवागमन के लिए एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला आपदा प्रबंधन तंत्र को देने को कहा, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में देरी न हो। स्थानीय स्तर से प्राप्त सूचनाओं पर भी तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी जसमीत कौर और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल उपस्थित रहे। अन्य सभी उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए डीएम ने आपदा तैयारियों की समीक्षा की









Leave a Reply