Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

बाड़ेछीना के स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कार्मिकों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश

Spread the love


अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं कार्मिकों की उपस्थिति, टीकाकरण व्यवस्था तथा अभिलेखों के रखरखाव का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों और कार्मिकों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा अलर्ट के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता आवश्यक है। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी को अनुपस्थित चिकित्सकों व कार्मिकों से स्पष्टीकरण लेने तथा वेतन आहरण से पूर्व अपने मंतव्य सहित अनुमति के लिए पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र की आकस्मिक सेवाओं, ओपीडी और प्रसव पंजिकाओं का भी अवलोकन किया। उपस्थिति पंजिका एवं अन्य अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन रखने, गुड्डा-गुड्डी चार्ट अपडेट करने और विद्युत तारों को सुव्यवस्थित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में अस्पताल की भौतिक स्थिति सही पाई गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि केंद्र का कायाकल्प योजना के अंतर्गत जनपद में प्रथम स्थान पर चयन हुआ है। उप स्वास्थ्य केंद्र में कोल्ड चेन व्यवस्था की जांच के दौरान एक आईएलआर मशीन निष्क्रिय मिली। वैक्सीन स्टॉक पंजिका और संबंधित चार्ट भी अद्यतन नहीं पाए गए। इस पर अपर जिलाधिकारी ने मशीन को क्रियाशील कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा वैक्सीन स्टॉक पंजिका प्राथमिकता से अद्यतन कर नियमित रखरखाव के निर्देश दिए। कोल्ड चेन और वीएचएनडी चार्ट सात दिन के भीतर अद्यतन करने को भी कहा। उन्होंने पात्र आयुवर्ग की बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण के लिए नियमित प्रयास करने के निर्देश दिए। दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों पर सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए अनुपालन आख्या 15 दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *