अल्मोड़ा। ग्रामीण महिला उद्यमियों को व्यवसाय विकास एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से आईआईएम काशीपुर की ओर से उत्तराखंड ग्रामीण उद्यम त्वरण परियोजना (रीप) के सहयोग से विकासखंड कार्यालय हवालबाग के सभागार में एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला उद्यमियों एवं उद्यमिता की इच्छुक प्रतिभागियों को व्यवसाय प्रबंधन, नवाचार, वित्तीय समझ, सरकारी योजनाओं और बाजार की संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। बूट कैंप में महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों, व्यावसायिक विचारों, व्यवसाय मॉडल, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं को विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत किया। विशेषज्ञों ने प्रस्तुतियों के आधार पर ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पाद एवं सेवाएं विकसित करने, बाजार तक पहुंच बढ़ाने और व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के व्यावहारिक सुझाव दिए। कार्यक्रम में स्थानीय संसाधनों एवं पारंपरिक ज्ञान को विज्ञान और तकनीकी नवाचार से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यम एवं रोजगार के नए अवसर विकसित करने पर जोर दिया गया। प्रतिभागियों को ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ करने के लिए उपलब्ध वित्तीय एवं संस्थागत सहयोग की जानकारी दी गई और संबंधित योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। महिला उद्यमियों ने उद्यम स्थापना, व्यवसाय संचालन और चुनौतियों के समाधान से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। बूट कैंप में महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल भी लगाए। अतिथियों और विशेषज्ञों ने स्टॉलों का अवलोकन कर उत्पादों एवं उनके व्यवसाय की जानकारी ली और उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में आईआईएम काशीपुर के प्रो. जगदीश प्रसाद साहू, नाबार्ड अल्मोड़ा के डीडीएम गिरीश चंद्र पंत, खंड विकास अधिकारी हवालबाग संतोष जेठी, सहायक खंड विकास अधिकारी रमेश कनवाल, गिरधर सिंह बिष्ट सहित क्षेत्र की महिला उद्यमी, स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्य और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
महिला उद्यमियों को व्यवसाय विकास के लिए मिला मार्गदर्शन, हवालबाग में उद्यमिता बूट कैंप आयोजित









Leave a Reply