Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

ताड़ीखेत क्षेत्र में खाई में गिरी कार, बुजुर्ग की हुई मौत एवं महिला गंभीर घायल

Spread the love


अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जनपद के ताड़ीखेत क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सुबह करीब नौ बजे रानीखेत बाजार से ताड़ीखेत जा रही कार हाईडिल के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 87 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि कार सवार एक महिला को गंभीर हालत में हल्द्वानी हायर सेंटर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार कार चालक लाखन सिंह बिष्ट गनियाद्योली से रानीखेत बाजार आया था। वापसी के दौरान वाहन में ग्राम एराडी निवासी करन राजोरिया और 87 वर्षीय कुशल सिंह रौतेला सवार थे। इसी बीच गनियाद्योली निवासी अनुराधा बिष्ट (42 वर्ष), पत्नी कुलदीप बिष्ट भी ताड़ीखेत जाने के लिए कार में बैठ गईं। इस तरह वाहन में चालक सहित चार लोग सवार हो गए। हाईडिल क्षेत्र के पास पहुंचते ही अचानक चालक का नियंत्रण कार से हट गया और वाहन खाई में जा गिरा। हादसे में कुशल सिंह रौतेला और अनुराधा बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक लाखन सिंह बिष्ट और करन राजोरिया सुरक्षित रहे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताड़ीखेत पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने कुशल सिंह रौतेला (87 वर्ष, पुत्र पान सिंह, निवासी ग्राम एराडी) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनुराधा बिष्ट को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। चालक लाखन सिंह बिष्ट ने बताया कि हादसे के समय कार का स्टेयरिंग लॉक हो गया और ब्रेक भी काम नहीं कर रहे थे, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। इधर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *