Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में भूगोल के विद्यार्थियों ने समझी तराई की पारिस्थितिकी और जैव विविधता

Spread the love


अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर अल्मोड़ा के भूगोल विभाग के स्नातकोत्तर प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण उत्तर प्रदेश स्थित दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में आयोजित किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को भूगोल विषय की अवधारणाओं को गहराई से समझने के साथ ही भौगोलिक परिवर्तनों, प्राकृतिक प्रक्रियाओं और पारिस्थितिक तंत्र की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव एवं अवलोकन कराना था। भूगोल के अध्ययन को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने के लिए दुधवा राष्ट्रीय उद्यान का चयन किया गया। लखीमपुर खीरी जिले में भारत-नेपाल सीमा के निकट तराई क्षेत्र में स्थित दुधवा राष्ट्रीय उद्यान प्रमुख राष्ट्रीय उद्यान एवं टाइगर रिजर्व है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दुधवा की विविध जैव विविधता और पारिस्थितिक तंत्र का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी क्षेत्र की जैव विविधता केवल जलवायु या मिट्टी पर निर्भर नहीं होती, बल्कि विभिन्न प्राकृतिक प्रक्रियाओं की परस्पर अंतःक्रिया से उसका निर्माण होता है। दुधवा में वन, नदियां, दलदली क्षेत्र, घास के मैदान और वन्यजीव एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं तथा यही परस्पर निर्भरता तराई क्षेत्र की पारिस्थितिकी का महत्वपूर्ण आधार है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने यह भी समझा कि जैव विविधता का संरक्षण पूरे पारिस्थितिक तंत्र के संरक्षण से जुड़ा है। किसी एक प्रजाति के विलुप्त होने अथवा उसके आवास में परिवर्तन का प्रभाव अन्य प्रजातियों पर भी पड़ सकता है। दुधवा क्षेत्र में रॉयल बंगाल टाइगर, भारतीय एक सींग वाले गैंडे और दुर्लभ बारहसिंगा जैसे वन्यजीवों के संरक्षण के साथ उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के महत्व पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने मानव और प्रकृति के संबंधों को भी नजदीक से समझा। राष्ट्रीय उद्यान के आसपास स्थित गांवों और कृषि आधारित बस्तियों के लोगों का जीवन जंगल, जल, भूमि और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ा है। जहां जंगल स्थानीय समुदायों को विभिन्न पारिस्थितिक सेवाएं प्रदान करते हैं, वहीं वन्यजीवों की मौजूदगी के कारण मानव-वन्यजीव संघर्ष की परिस्थितियां भी सामने आती हैं। हाथियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाना, जंगली जानवरों का बस्तियों के निकट आना और पशुधन पर हमले जैसी समस्याओं को संरक्षण से जुड़ी सामाजिक चुनौतियों के रूप में विद्यार्थियों के समक्ष रखा गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन विभागाध्यक्ष प्रो. ज्योति जोशी, डॉ. दीपक, डॉ. अरविन्द सिंह यादव, डॉ. नरेश चन्द्र पन्त एवं डॉ. पूरन जोशी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *