Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

398 पदों पर निकली कनिष्ठ सहायक व वैयक्तिक सहायक भर्ती, 6 जुलाई तक होंगे आवेदन

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने राज्य की अधीनस्थ न्यायालयों (सिविल एवं कुटुंब न्यायालय) में कनिष्ठ सहायक तथा आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक के कुल 398 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। आयोग ने भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

जारी विज्ञापन के अनुसार कनिष्ठ सहायक (सिविल न्यायालय) के 230, कनिष्ठ सहायक (कुटुंब न्यायालय) के 29, आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक (सिविल न्यायालय) के 128 तथा आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक (कुटुंब न्यायालय) के 11 पदों पर भर्ती की जाएगी। कनिष्ठ सहायक पदों का वेतनमान 21,700 से 69,100 रुपये (लेवल-3) तथा वैयक्तिक सहायक पदों का वेतनमान 29,200 से 92,300 रुपये और 44,900 से 1,42,400 रुपये तक निर्धारित किया गया है।

आयोग द्वारा 15 जून सोमवार को जारी भर्ती के विज्ञापन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून से शुरू होगी और अभ्यर्थी 6 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा 8 से 10 जुलाई तक उपलब्ध रहेगी। भर्ती के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा की प्रस्तावित तिथि 23 अगस्त निर्धारित की गई है।

अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान हाईस्कूल प्रमाणपत्र तथा आधार कार्ड की दोनों ओर की छायाप्रति अपलोड करनी होगी। आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित प्रमाणपत्र भी ऑनलाइन प्रस्तुत करने होंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन का अध्ययन करने की अपील की है। भर्ती संबंधी सभी सूचनाएं आयोग की वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर उपलब्ध कराई जाएंगी।