Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

डीएलआरसी बैठक में बैंकिंग योजनाओं की समीक्षा, पात्रों को समयबद्ध ऋण वितरण के निर्देश

Spread the love


अल्मोड़ा। मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (डीएलआरसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों और सरकारी प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बैंकों को पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के लक्ष्य और उपलब्धियों की बैंकवार समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पात्र आवेदकों को बिना अनावश्यक विलंब के ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने वित्तीय साक्षरता शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए प्रत्येक शिविर का समुचित अभिलेख रखने और लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और अन्य स्वरोजगार योजनाओं के प्रचार के लिए प्रमुख स्थानों पर क्यूआर कोड युक्त फ्लेक्स लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि लोग योजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें। मुख्य विकास अधिकारी ने बैंकों और संबंधित विभागों से लंबित एवं निरस्त आवेदनों का पूरा रिकॉर्ड रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्वीकृत आवेदनों के कारणों का स्पष्ट अभिलेखीकरण किया जाए और आवेदन करने वाले लाभार्थियों को समय-समय पर उनके आवेदन की स्थिति से अवगत कराया जाए, ताकि किसी प्रकार का संचार अंतराल न रहे। बैठक में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना में अपेक्षाकृत कम आवेदन मिलने पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हैं, वहां बैंक कॉरेस्पॉन्डेंट व्यवस्था को मजबूत कर लोगों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण केएन तिवारी, एलडीएम अनिरुद्ध शाह, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।