अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में पिछले करीब दो माह से फिजिशियन का पद खाली होने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस के संगठन महामंत्री वैभव पांडे ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर फिजिशियन की नियुक्ति का दावा करने वाले भाजपा नेताओं को अब जनता को जवाब देना चाहिए कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती आखिर कब होगी। वैभव पांडे ने कहा कि गुरुवार से करीब एक सप्ताह पहले भाजपा के कई नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि जिला अस्पताल में एक सप्ताह के भीतर फिजिशियन की नियुक्ति कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद अस्पताल में अब तक फिजिशियन की तैनाती नहीं हुई है। कांग्रेस नेता का कहना है कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में लोगों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों या दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वैभव पांडे ने सरकार से बिना किसी और देरी के जिला अस्पताल में फिजिशियन की नियुक्ति करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल पूरे क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है और लंबे समय तक विशेषज्ञ चिकित्सक का पद खाली रहना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही फिजिशियन की नियुक्ति नहीं की गई तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क पर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक नहीं, बल्कि हजारों मरीजों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है।
जिला अस्पताल में फिजिशियन की नियुक्ति पर कांग्रेस ने उठाए सवाल





Leave a Reply