अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (एसएसजे) के विधि विभाग को बड़ी राहत मिली है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने एलएलबी पाठ्यक्रम की मान्यता का नवीनीकरण कर दिया है। इसके साथ ही नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। मान्यता का नवीनीकरण लंबित रहने से एलएलबी पाठ्यक्रम के संचालन और नए प्रवेश को लेकर छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। एसएसजे विश्वविद्यालय कुमाऊं मंडल का पहला संस्थान है, जहां वर्ष 1976 से एलएलबी की पढ़ाई कराई जा रही है। इस बार समय पर आवेदन नहीं होने के कारण बीसीआई ने मान्यता का नवीनीकरण नहीं किया था और आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर मान्यता रद्द करने की चेतावनी भी दी थी। मामला सामने आने के बाद विधि विभाग के प्रतिनिधिमंडल ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मुलाकात कर मान्यता नवीनीकरण का अनुरोध किया। विभाग ने आवश्यक शुल्क पहले ही जमा कर दिया था। इसके बाद बीसीआई ने एलएलबी पाठ्यक्रम की मान्यता का नवीनीकरण कर दिया। विधि विभागाध्यक्ष प्रो. ए.के. नवीन ने बताया कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया से सकारात्मक निर्णय मिलने के बाद अब जल्द ही एलएलबी में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे नए सत्र में अध्ययन कार्य समय पर प्रारंभ हो सकेगा।
एसएसजे विवि के एलएलबी पाठ्यक्रम की मान्यता का बीसीआई ने किया नवीनीकरण





