Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

साप्ताहिक परेड में एसएसपी ने परखा पुलिस बल का अनुशासन, जवानों संग लगाई दौड़

Spread the love


अल्मोड़ा। पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने पुलिस बल के अनुशासन, शारीरिक क्षमता और प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और जवानों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा नियमित शारीरिक प्रशिक्षण पर जोर दिया। परेड के दौरान एसएसपी ने पुलिस बल का निरीक्षण करने के बाद जवानों से दौड़, तेज चाल, सलामी, स्क्वाड ड्रिल, शस्त्राभ्यास सहित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, फिटनेस और व्यावसायिक दक्षता पुलिस की कार्यक्षमता का आधार हैं। इस अवसर पर पुलिस कर्मियों को विभिन्न शस्त्रों के सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण में हथियारों को खोलने-जोड़ने की प्रक्रिया, सुरक्षित वेपन हैंडलिंग, रखरखाव तथा तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई, ताकि पुलिस बल की परिचालन क्षमता और मजबूत हो सके। एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही परिसर में चल रहे निर्माण एवं नव निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परेड में सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत, सीओ संचार राजीव कुमार टम्टा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर, प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र, सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, फायर स्टेशन अल्मोड़ा एवं रानीखेत के प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।