Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

क्वारब समस्या के समाधान की मांग को लेकर डीएम से मिली सर्वदलीय संघर्ष समिति

Spread the love


अल्मोड़ा। अल्मोड़ा हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग के क्वारब में भूस्खलन के चलते हो रही दिक्कतों के स्थायी समाधान हेतु सर्वदलीय संघर्ष समिति ने गुरुवार को जिलाधिकारी से मिलकर इस सम्बन्ध में ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में सर्वदलीय समिति ने कहा कि विगत दो माह से अल्मोड़ा हल्द्वानी मार्ग पर क्वारब में पहाड़ी के दरकने से अल्मोड़ा वासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार मलवा सड़क पर आने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जिससे बागेश्वर, चम्पावत व पिथौरागढ़ की ओर आवाजाही करने वाले यात्रियों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उक्त मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से खाद्य पदार्थों, सब्जी आदि पर भी महंगाई की मार पड़ रही है। व्यापार, पर्यटन उद्योग बुरी तरह से प्रभावित हो चुका है। सड़क के बंद रहने से हल्द्वानी, बरेली व दिल्ली के लिए रेफर किये जाने वाले मरीजों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी विलम्ब हो रहा है। किराया भाड़ा बढ़ने से यात्रियों को दिक्कतें हो रही है। वर्तमान में शादियों का सीजन होने के कारण बारात के आने-जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने क्वारब डेंजर जोन को शीर्ष प्राथमिकता के साथ सुधारने की मांग की है। यहाँ ज्ञापन देने वालों में विधायक मनोज तिवारी, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, कांग्रेस सेवादल महिला प्रदेश अध्यक्ष शोभा जोशी, जिला महामंत्री गीता मेहरा, पूर्व दर्जामंत्री पूरन सिंह रौतेला, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, कांग्रेस नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, हेम चंद्र जोशी, हाजी नूर अकरम खान, सभासद हेम तिवारी, चन्द्र मणि भट्ट, कांग्रेस प्रदेश सचिव रॉबिन भण्डारी, एडवोकेट पी सी तिवारी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *