Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

नंदादेवी मेले में बाहरी व्यापारियों को अनुमति देने के आरोप निराधार: मनोज वर्मा

Spread the love


अल्मोड़ा। नंदादेवी मेले की आड़ में बाहरी लोगों को बाजार लगाने की अनुमति दिए जाने के आरोपों को नंदादेवी मंदिर समिति ने खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह निराधार बताया है। समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि मंदिर समिति का निजी भूमि पर लगने वाले बाजारों अथवा दुकानों से कोई संबंध नहीं है और उसे इसके लिए जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। जारी बयान में मनोज वर्मा ने बताया कि इस वर्ष नंदादेवी मेला 15 से 25 सितंबर तक केवल नंदादेवी मंदिर परिसर और एडम्स मैदान में आयोजित किया जाएगा। मेले के तहत लगने वाली सभी अधिकृत दुकानें भी इन्हीं निर्धारित परिसरों तक सीमित रहेंगी। उन्होंने कहा कि यदि इन दोनों परिसरों के बाहर किसी निजी भूमि पर बाजार या दुकानें लगाई जा रही हैं तो उनका संचालन संबंधित भूमि स्वामियों के स्तर पर हो रहा है, जिसका नंदादेवी मंदिर समिति से कोई लेना-देना नहीं है। ऐसे मामलों में प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है। मनोज वर्मा ने कहा कि कुछ संगठनों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों से अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर समिति केवल निर्धारित मेला क्षेत्र में होने वाली व्यवस्थाओं और गतिविधियों के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि नंदादेवी मेला धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है तथा समिति की प्राथमिकता मेले का शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संगठनों और आम जनता से अपील की कि बिना तथ्यात्मक जानकारी के आरोप लगाने के बजाय वास्तविक स्थिति को समझें और मेले के सफल आयोजन में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *