Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

15 से 18 जुलाई तक सभी वाहनों के लिए खुलेगा अल्मोड़ा-क्वारब हाईवे, चौसली-क्वारब वैकल्पिक मार्ग रहेगा बंद

Spread the love

अल्मोड़ा। अतिवृष्टि और भूस्खलन के बाद अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अंशुल सिंह ने बताया कि 15 से 18 जुलाई तक राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर सभी प्रकार के वाहनों का संचालन किया जाएगा, जबकि चौसली-क्वारब वैकल्पिक मार्ग इस अवधि में पूरी तरह बंद रहेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग रानीखेत के अनुसार क्वारब बाईपास मार्ग पर अतिवृष्टि के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ था। वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के किमी 56 पर भूस्खलन प्रभावित स्थल पर सड़क की लगभग सात मीटर चौड़ाई उपलब्ध हो चुकी है तथा ढलान की स्केलिंग और ट्रीटमेंट का कार्य लगातार जारी है।

जिला प्रशासन के अनुसार 15 जुलाई से 18 जुलाई तक अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 हल्के वाहनों, यात्री बसों सहित सभी प्रकार के वाहनों के लिए खुला रहेगा। वहीं चौसली-क्वारब वैकल्पिक मोटर मार्ग इस अवधि में सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा तथा प्रतिबंधित अवधि में होने वाली किसी भी सड़क दुर्घटना अथवा वाहन संचालन के लिए संबंधित थाना और चौकी प्रभारी जिम्मेदार होंगे।

हालांकि एंबुलेंस एवं अन्य आवश्यक सेवाओं में प्रयुक्त वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। किसी अन्य वाहन के लिए अपरिहार्य स्थिति में आवागमन की अनुमति देने का अधिकार संबंधित उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अथवा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को होगा।