Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अगस्त क्रांति जनशक्ति महासम्मेलन की तैयारियों में जुटी यूकेडी

Spread the love

अल्मोड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल की जिला इकाई ने आगामी 9 अगस्त को खादी परिसर, जेती (लमगड़ा) में प्रस्तावित ‘अगस्त क्रांति जनशक्ति महासम्मेलन’ की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की। बैठक में महासम्मेलन का आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी ने कार्यकर्ताओं से पूरे समर्पण के साथ कार्यक्रम को भव्य और अनुशासित ढंग से आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि महासम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के प्रमुख पदाधिकारी, विभिन्न जिलों के कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। पार्टी का दावा है कि कार्यक्रम के दौरान करीब चार हजार लोगों की जनरैली भी निकाली जाएगी। बैठक में कहा गया कि 9 अगस्त केवल भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति का दिवस नहीं, बल्कि उत्तराखंड के स्वाभिमान, अधिकार, रोजगार, पलायन, भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास जैसे मुद्दों पर जनजागरण का अवसर भी है। पार्टी के अनुसार यह महासम्मेलन संगठन विस्तार और जनसरोकारों को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों के गठन का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद उत्तराखंड क्रांति दल के सैनिक प्रकोष्ठ का दल जिला अध्यक्ष चंदन सिंह के नेतृत्व में गैरसैंण में आयोजित होने वाली सैनिक प्रकोष्ठ की रैली में भाग लेने के लिए रवाना हुआ। जिला कार्यालय से जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी ने पार्टी का ध्वज दिखाकर दल को रवाना किया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष गणेश, जिला महामंत्री एडवोकेट देवेश जोशी सहित अन्य पदाधिकारियों ने दल को शुभकामनाएं दीं। बैठक में पान सिंह, राजेंद्र मेलकानी, सूरज पांगती, दीपा जोशी, किरण मेहरा, गिरिशनाथ गंगोला, मोहित शाह, विनायक मेलकानी, धीरज सिंह, दीपक सिंह, ध्रुव कुमार सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।