Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

चालकों के सामने हो उनके वाहनों की फिटनेस

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  निजी फिटनेस सेंटरों में वसूली के आरोप लगने के बाद आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी के निर्देश पर परिवहन अधिकारियों ने लालतप्पड़, सेलाकुई और बहादराबाद स्थित ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर (एटीएस)का औचक का निरीक्षण किया। आरटीओ ने बताया कि कहीं पर भी अधिक फीस लेने की पुष्टि नहीं हुई है। कुछ छोटी-छोटी कमियां मिली है, उनमें सुधार के निर्देश दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने निजी फिटनेस सेंटरों में वसूली के आरोप लगाए थे। बुधवार को आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी, एआरटीओ प्रशासन चक्रपाणि मिश्रा और आरआई अरविंद यादव ने लालतप्पड़ सेंटर का निरीक्षण किया। यहां आरटीओ ने वाहन चालकों से बात की। आरटीओ ने बताया कि फीस से अतिरिक्त शुल्क लेने की किसी ने भी पुष्टि नहीं की। फिटनेस सेंटर संचालकों को निर्देश दिए हैं कि चालकों के बैठने की उचित व्यवस्था करें, शौचालय की व्यवस्था ठीक हो एवं महिला और पुरुष शौचालय अलग-अलग हों। दोनों फिटनेस लेन पर साफ सफाई का अभाव मिला, साथ ही लेन पर मार्किंग और पेंट भी नहीं दिख रहा था, इसमें सुधार के निर्देश दिए। सभी फिटनेस सेंटरों पर परिवहन अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सरकार की ओर से निर्धारित फीस को बड़े साइज में फ्लेक्स बोर्ड बनाकर लगाएं, साथ ही 1064 का बोर्ड रिसेप्शन पर और अन्य जगहों पर लगाया जाए। वाहन चालकों को उनके सामने फिटनेस करवाने के लिए अनुमति दें, जिससे वह पूरी प्रक्रिया अपने सामने देख सकें और पारदर्शिता बनी रहे। एटीएस सेंटर में स्थापित एएनपीआर कैमरों का एक्सेस विभाग को देने, एटीएस सेंटर पर हेल्प डेस्ट स्थापित करने, सेंटर में कर्मचारी, वाहन स्वामी और चालक के अतिरिक्त किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं देने के भी निर्देश दिए गए।