Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

चिकित्सकों के तबादले निरस्त करने की मांग, कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम भेजा ज्ञापन

अल्मोड़ा। जिला कांग्रेस कमेटी और नगर कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा ने जनपद से 39 चिकित्सकों के स्थानांतरण निरस्त करने की मांग उठाई है। शुक्रवार को कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन भेजकर तबादलों की समीक्षा कर उन्हें निरस्त करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि अल्मोड़ा कुमाऊँ मंडल का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जहां बागेश्वर, पिथौरागढ़ समेत सीमांत क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। बेस चिकित्सालय और जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन गंभीर रोगियों को भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में एक साथ बड़ी संख्या में चिकित्सकों के स्थानांतरण से स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश सरकार ने बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए जनरल सर्जन, फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, ईएनटी सर्जन, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ सहित 39 चिकित्सकों का तबादला कर दिया है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को इलाज के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कई चिकित्सकों के स्थानांतरण पारिवारिक परिस्थितियों और शासनादेशों के अनुरूप नहीं किए गए हैं, जिससे चिकित्सकों और उनके परिवारों के सामने भी समस्याएं खड़ी हो गई हैं। कांग्रेस ने राज्यपाल से जनहित को देखते हुए इन तबादलों की पुनः समीक्षा कर जनविरोधी एवं अव्यावहारिक स्थानांतरणों को निरस्त करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share