Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कांग्रेस नेताओं ने विद्युत कटौती और स्मार्ट मीटर का मुद्दा उठाया

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड पॉवर कॉरपोरेशन के महाप्रबन्धक गजेन्द्र सिंह गुनियाल से मुलाकात कर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की विद्युत कटौती और स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। बुधवार को जसपुर विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मांगों से संबंधित ज्ञापन उत्तराखंड पॉवर कॉरपोरेशन के महाप्रबन्धक गजेन्द्र सिंह गुनियाल को सौंपा। विधायक आदेश चौहान ने कहा कि जसपुर विधानसभा क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है जिससे लोगों और किसानों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गेहूं की फसल कटाई का काम चल रहा है विद्युत कटौती के चलते उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक विद्युत लाइन तो ऐसी है जहां पर बिजली न आने के चलते चोर लाइन ही उखाड़ कर ले गए। पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने स्मार्ट मीटर एवं प्रीपेड मीटर का मामला उठाया।उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा आम जनता पर जबरन स्मार्ट मीटर तथा प्रीपेड मीटर लगाने का दबाव बनाया जा रहा है जिसका जनता में भारी विरोध है। उन्होंने कहा कि देहरादून महानगर में स्मार्ट सिटी के नाम पर हुए कार्य भी अधूरे पड़े हुए हैं। कई जगह अंडर ग्राउंड वायरिंग का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल में जसपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, राजकुमार चौहान, हिमांशु नम्बर दार, रिपुदमन गहलोत आदि शामिल थे।