Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

दयाकृष्ण कांडपाल पशु कल्याण बोर्ड के सदस्य मनोनीत

Spread the love

अल्मोड़ा। राज्य सरकार ने पशु कल्याण बोर्ड के नए सदस्यों का मनोनयन किया है। इसमें अल्मोड़ा के दयाकृष्ण कांडपाल को भी सदस्य बनाया गया है। दयाकृष्ण कांडपाल पिछले करीब 15 वर्षों से ज्योली स्थित गौशाला के माध्यम से निराश्रित गोवंश के संरक्षण और देखभाल का कार्य कर रहे हैं। दयाकृष्ण कांडपाल को पशु कल्याण बोर्ड का सदस्य बनाए जाने पर आर्य समाज अल्मोड़ा में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। आर्य समाज के प्रधान दिनेश चंद्र तिवारी ने कहा कि यह आर्य समाज के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आज जहां लोग गोवंश को सड़कों पर छोड़ रहे हैं, वहीं जंगली जानवर भी आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर दहशत फैला रहे हैं। उन्होंने नई जिम्मेदारी मिलने पर दयाकृष्ण कांडपाल का स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दयाकृष्ण कांडपाल ने राज्य सरकार और आयोग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी में कई विद्वान सदस्यों को शामिल किया गया है और सभी मिलकर पशु कल्याण से जुड़े विषयों पर कार्य करेंगे। दयाकृष्ण कांडपाल ने कहा कि सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश की समस्या के समाधान के लिए गोमूत्र और गोबर के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देकर इन्हें उपयोगी और लाभकारी बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में मोहन सिंह रावत, अर्जुन सिंह, गौरव भट्ट, किशन सिंह और सुखलाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।