Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

देहरादून में कथित धर्मांतरण के आरोप में दो महिलाओं पर मुकदमा

Spread the love

देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र के कांवली गांव में कथित धर्मांतरण और प्रलोभन देने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार रात सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं घर-घर जाकर लोगों, विशेषकर महिलाओं को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रही हैं। आरोप है कि उन्हें विभिन्न प्रकार के लाभ का लालच भी दिया जा रहा था।

सूचना मिलने पर एक स्थानीय संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इस दौरान दोनों महिलाएं वहां से जाने लगीं। कार्यकर्ताओं ने उनका पीछा करते हुए वीडियो बनाया और पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ लिया। बाद में दोनों को थाने लाया गया।

स्थानीय संगठन के अध्यक्ष कुलदीप स्वादिया ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि दोनों महिलाएं इंदिरा नगर क्षेत्र में भी लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रही थीं और नए धर्म के फायदे बता रही थीं।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों महिलाओं के खिलाफ उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम-2018 की धारा 3 और 5 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 और 62 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।