Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

पात्र शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग

Spread the love


अल्मोड़ा। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन की लमगड़ा इकाई ने प्राथमिक शिक्षकों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई है। संगठन का कहना है कि टीईटी उत्तीर्ण एवं अन्य निर्धारित अर्हताएं पूरी कर चुके शिक्षकों की पदोन्नति को अनावश्यक रूप से लंबित रखना उचित नहीं है। ब्लॉक अध्यक्ष गणेश सिंह भंडारी ने कहा कि प्राथमिक शिक्षकों को सेवाकाल में पदोन्नति के सीमित अवसर मिलते हैं। ऐसे में वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे पात्र शिक्षकों की पदोन्नति में और विलंब उनके मनोबल तथा आर्थिक हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों ने टीईटी सहित सभी आवश्यक अर्हताएं पूरी कर ली हैं, उनकी पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल शुरू की जानी चाहिए। ब्लॉक मंत्री मनोज शर्मा ने कहा कि संगठन उन शिक्षकों के अधिकारों के भी पक्ष में है, जिन्हें टीईटी की अर्हता पूरी करने के लिए निर्धारित समय दिया गया है। हालांकि इसका यह अर्थ नहीं होना चाहिए कि पहले से पात्र शिक्षकों की पदोन्नति वर्ष 2028 तक रोक दी जाए। उन्होंने दुर्गम और अतिदुर्गम क्षेत्रों में लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों के अनुभव को भी पदोन्नति में उचित महत्व देने की मांग की। संगठन ने शासन और शिक्षा विभाग से पात्र शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने, पदोन्नति के लिए पात्र शिक्षकों का स्पष्ट विवरण तैयार करने, लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को लेकर यदि कोई भ्रम है तो उसकी स्पष्ट विधिक स्थिति जारी करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यह मुद्दा पूरे प्रदेश के प्राथमिक शिक्षकों के हितों और उनके मनोबल से जुड़ा है।