Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

धौलादेवी में स्वास्थ्य शिविर में 409 लोगों का उपचार, 110 के हुए निःशुल्क एक्स-रे

Spread the love

अल्मोड़ा। स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के दूसरे दिन मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 409 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश पंत रहे। इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.बी. जोशी, मंडल अध्यक्ष डी.के. जोशी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर बोरा तथा बीपीएम दीपक पंत भी मौजूद रहे।

शिविर में अल्मोड़ा से पहुंची विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए।

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी विभाग की ओर से 110 लोगों के निःशुल्क चेस्ट एक्स-रे किए गए तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जिला नोडल अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा ने लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।

शिविर में मौजूद लोगों ने दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग की पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों को जनहित में बेहद उपयोगी बताया।