Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

द्वाराहाट पुलिस ने स्कूली बच्चों को साइबर और सड़क सुरक्षा के दिए टिप्स

Spread the love

अल्मोड़ा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में अल्मोड़ा पुलिस द्वारा जनपदभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज चित्रेश्वर, द्वाराहाट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी के नेतृत्व तथा वरिष्ठ उपनिरीक्षक मीना आर्या एवं पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, देशी रियासतों के एकीकरण तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका से अवगत कराया। पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट, क्यूआर कोड स्कैम, ओटीपी फ्रॉड, एटीएम फ्रॉड, फिशिंग, संदिग्ध लिंक और अन्य ऑनलाइन ठगी के तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी। इसके अलावा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, बाल विवाह, महिला एवं बाल अपराध, मानव तस्करी, उत्तराखंड पुलिस ऐप, गौरा शक्ति ऐप, नए कानूनों और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में डायल 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा आपदा हेल्पलाइन 1070 के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।