Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

‘एक चिट्ठी धरती मां के नाम’ विषय पर होगी राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता

Spread the love

अल्मोड़ा। डाक विभाग की ओर से आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता “ढाई आखर अभियान 2026-27” के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ‘एक चिट्ठी धरती माँ के नाम : प्रकृति की रक्षा मेरा वादा’ रखा गया है। प्रतियोगिता में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विजेताओं को 50 हजार रुपये तक के पुरस्कार दिए जाएंगे। अधीक्षक डाकघर अल्मोड़ा मंडल ने बताया कि प्रतियोगिता 1 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतिभागी हिंदी, अंग्रेजी अथवा अपनी स्थानीय या क्षेत्रीय भाषा में पत्र लिख सकते हैं। प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में होगी। पहला वर्ग 18 वर्ष तक के प्रतिभागियों के लिए तथा दूसरा 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए होगा। दोनों वर्गों में अंतर्देशीय पत्र और लिफाफा श्रेणी शामिल रहेगी। उन्होंने बताया कि लिफाफा वर्ग में ए-4 आकार के कागज पर अधिकतम 1000 शब्द तथा अंतर्देशीय पत्र वर्ग में अधिकतम 500 शब्द का हस्तलिखित पत्र स्वीकार किया जाएगा। केवल डाक टिकट लगे अंतर्देशीय पत्र और लिफाफे ही मान्य होंगे। प्रतिभागी इन्हें अपने नजदीकी डाकघरों से प्राप्त कर सकते हैं। राज्य स्तर पर प्रत्येक वर्ग के तीन सर्वश्रेष्ठ पत्रों का चयन किया जाएगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए नामांकित किया जाएगा। राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 25 हजार, 10 हजार और 5 हजार रुपये होंगे। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार 50 हजार, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।