Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

फर्जी रेरा सर्टिफिकेट दिखाकर पूर्व दर्जा राज्यमंत्री से 80 लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज

Spread the love

देहरादून (आरएनएस)। फर्जी रेरा प्रमाणपत्र और जमीन से जुड़े दस्तावेज दिखाकर एक व्यक्ति ने भाजपा के पूर्व दर्जा राज्यमंत्री से 80 लाख रुपये ठग लिए। मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता अजीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्रीन सिटी, आरकेडिया ग्रांट निवासी बीरेंद्र सिंह भंडारी ने उनसे संपर्क कर शीशमबाड़ा क्षेत्र में जमीन का सौदा कराया। आरोपी ने दावा किया कि उसे जमीन के मूल मालिकों से बिक्री और धनराशि लेने का अधिकार है। इस पर विश्वास कर जनवरी 2024 में पीड़ित ने 50 लाख रुपये, जिनमें 30 लाख आरटीजीएस और 20 लाख नकद शामिल थे, दे दिए।

इसके बाद आरोपी ने एक अन्य प्लॉट दिलाने का झांसा देते हुए जून 2024 में 30 लाख रुपये और ले लिए। उसने फर्जी नक्शा और आदेश दिखाकर प्लॉटिंग को रेरा से स्वीकृत बताया। पीड़ित ने 20 लाख रुपये खाते में और 10 लाख नकद दिए।

जब रजिस्ट्री का समय आया तो आरोपी टालमटोल करने लगा। जांच में सामने आया कि न तो प्लॉटिंग रेरा से स्वीकृत थी और न ही आरोपी ने मूल जमीन मालिकों को कोई भुगतान किया था। इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया।

पुलिस ने आरोपी बीरेंद्र सिंह भंडारी के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और कूटरचना की धाराओं में मामला दर्ज किया है। इंस्पेक्टर विनोद गुसाईं के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।