Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कांग्रेस के विरोध के बाद  बैकफुट पर सरकार, भाजपा नेता कर रहे श्रेय लेने का प्रयास: वैभव पांडे

Spread the love


अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय को नगर क्षेत्र से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस ने भाजपा और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नगर महामंत्री (संगठन) वैभव पांडे ने दावा किया कि जनता के विरोध और कांग्रेस के दबाव के बाद सरकार को अपना रुख स्पष्ट करना पड़ा, जबकि अब भाजपा नेता इसका श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। वैभव पांडे ने कहा कि पिछले कई दिनों से जिला अस्पताल के संभावित स्थानांतरण को लेकर अल्मोड़ा की जनता में असंतोष था। कांग्रेस और विधायक मनोज तिवारी ने लगातार इस मुद्दे को उठाते हुए अस्पताल को किसी भी स्थिति में नगर क्षेत्र से बाहर नहीं ले जाने की मांग की। उनका आरोप है कि जनता के बढ़ते दबाव और कांग्रेस द्वारा आंदोलन की चेतावनी के बाद भाजपा नेताओं को मंत्री के समक्ष जाकर अस्पताल के स्थानांतरण से इनकार का बयान दिलाना पड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि अस्पताल को स्थानांतरित करने का कोई प्रस्ताव था ही नहीं, तो फिर इतनी जल्दबाजी में मंत्री से सार्वजनिक बयान जारी कराने की आवश्यकता क्यों पड़ी। उनके अनुसार इससे सरकार की निर्णय प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं। जनता केवल मौखिक आश्वासन नहीं, बल्कि जिला अस्पताल के संबंध में सरकार से लिखित और स्पष्ट घोषणा चाहती है। वैभव पांडे ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को सरकार की छवि बचाने के बजाय जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर कराने, फिजिशियन की तैनाती सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, पर्याप्त स्टाफ, आधुनिक उपकरण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर प्राथमिकता से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर जनता के साथ आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।