Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

नराकास अल्मोड़ा की हिंदी कार्यशाला में राजभाषा प्रोत्साहन योजनाओं की दी जानकारी

Spread the love


अल्मोड़ा। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) अल्मोड़ा के तत्वावधान में बुधवार को विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में ऑनलाइन हिंदी कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक एवं नराकास अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी कांत के निर्देश पर किया गया। कार्यशाला की शुरुआत सदस्य सचिव नराकास एवं संस्थान की प्रभारी राजभाषा अधिकारी रेनू सनवाल ने की। उन्होंने सभी सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों और राजभाषा अधिकारियों का स्वागत किया। कार्यशाला में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के सीमांत मुख्यालय अल्मोड़ा की राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कमांडेंट आशा के. ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा हिंदी के प्रचार-प्रसार और सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए संचालित विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही इंदिरा गांधी राजभाषा पुरस्कार, पंडित गोविंद बल्लभ पंत पुरस्कार, राजभाषा गौरव पुरस्कार तथा राजभाषा कीर्ति पुरस्कार सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। कार्यशाला में अल्मोड़ा नगर के केंद्रीय सरकार के 28 विभागों, कार्यालयों, उपक्रमों, सशस्त्र बलों और राष्ट्रीयकृत बैंकों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन रेनू सनवाल ने किया। इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं राजभाषा समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *