Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

जनसहयोग से बदली जरूरतमंद परिवार की जिंदगी, राजपुर में जर्जर भवन का जीर्णोद्धार पूरा

Spread the love

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी के प्रयासों और प्लस एप्रोच फाउंडेशन के सहयोग से राजपुर क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर एक परिवार के जर्जर भवन का जीर्णोद्धार कार्य पूरा कर लिया गया है। लंबे समय से बदहाल स्थिति में रह रहे परिवार को अब सुरक्षित और बेहतर आवास मिलने से उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है। भवन के जीर्णोद्धार कार्य के पूर्ण होने पर रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिवार को शुभकामनाएं दीं और इस मानवीय पहल में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य है और भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्यों में हरसंभव सहयोग जारी रहेगा। रेडक्रॉस प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने कहा कि प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और समाज के सामूहिक सहयोग से जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने जिलाधिकारी और प्लस एप्रोच फाउंडेशन की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की। यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित साह मोनू ने कहा कि सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। ऐसे प्रयास समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस भविष्य में भी प्रशासन और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। इस अवसर पर रेडक्रॉस सचिव मनोज भंडारी मंटू, उपसचिव अभिषेक जोशी, पार्षद विकास कुमार, पार्षद कृष्ण बहादुर सिंह, पीयूष कुमार, रमेश लाल, सिद्धू कुमार, निखिल कुमार, दानिश सहित अन्य जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।