Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में कई अहम फैसले, पिनाथ ईको ट्रेक के लिए 10 लाख मंजूर

Spread the love

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटकों के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। जिलाधिकारी ने सभी स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए नगर क्षेत्र में दो सामुदायिक शौचालयों के निर्माण एवं विकास हेतु पांच-पांच लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा होटल एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष अरुण वर्मा द्वारा प्रस्तुत पिनाथ ईको ट्रेक के विकास के प्रस्ताव को भी समिति ने मंजूरी दी। ट्रेक के विकास के लिए वन विभाग को 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना के तहत आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे साहसिक और प्रकृति पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। बैठक में अल्मोड़ा नगर के ऐतिहासिक और प्राचीन बाजार के सौंदर्यीकरण पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर सौंदर्यीकरण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मल्ला महल कैफे एवं म्यूजियम के संचालन की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी कर संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मल्ला महल अल्मोड़ा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है तथा इसके संचालन से पर्यटक जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, प्रदीप धौलाखंडी, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, होटल एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष अरुण वर्मा, पार्षद अर्जुन बिष्ट, अमित साह सहित समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।