अल्मोड़ा। लमगड़ा क्षेत्र के ग्राम खॉकर में रविवार को पुलिस की ओर से जनजागरूकता चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया। चौपाल में लोगों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर समाधान किया गया तथा साइबर अपराध, नशे और नए कानूनों के बारे में जानकारी दी गई। चौपाल के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों की समस्याएं एवं सुझाव सुने गए। पुलिस ने लोगों को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को लेकर जागरूक करते हुए फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। साथ ही डिजिटल अरेस्ट जैसे नए साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद के लिए ‘गुड सेमेरिटन’ पहल की जानकारी देते हुए लोगों को सहायता के लिए आगे आने को प्रेरित किया गया। चौपाल में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम से जुड़े नए प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते नशे पर चिंता जताते हुए युवाओं और ग्रामीणों से नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के लिए जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि नशे या अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़ी सूचना मानस हेल्पलाइन 1933 पर गोपनीय रूप से दी जा सकती है। इस दौरान डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और महिला हेल्पलाइन 1090 के बारे में भी जानकारी दी गई।
लमगड़ा में पुलिस की जनचौपाल, साइबर अपराध और नशे के प्रति किया जागरूक





