Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

महिला कोतवाली पुलिस ने गांव-गांव पहुंचकर जाना वरिष्ठ नागरिकों का हालचाल

Spread the love

अल्मोड़ा। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनकी नियमित कुशलक्षेम जानने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन भल छौ’ के तहत रविवार को महिला कोतवाली पुलिस ने गांवों में पहुंचकर अकेले रहने वाले बुजुर्गों एवं अन्य वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की। पुलिस टीम ने उनकी समस्याएं सुनीं, हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया और साइबर अपराधों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रहने वाले एकल बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों का विवरण दर्ज कर समय-समय पर उनसे मुलाकात करने तथा उनकी समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली जानकी भण्डारी के नेतृत्व में महिला हेड कांस्टेबल कविता बिष्ट और महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की। पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों से उनकी दैनिक जरूरतों, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही उन्हें थाना संपर्क नंबर और डायल-112 हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी अथवा अन्य आवश्यकता होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अभियान के दौरान पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों, नशे के दुष्प्रभाव, नए आपराधिक कानून, गौरा शक्ति एप, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया। इसके अलावा डायल-112, साइबर हेल्पलाइन-1930, महिला हेल्पलाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और आपदा हेल्पलाइन-1070 के उपयोग और महत्व की जानकारी भी दी गई। अपने घर पर पुलिस टीम को पहुंचकर कुशलक्षेम पूछते और सहायता का आश्वासन देते देख वरिष्ठ नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने महिला कोतवाली पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की नियमित मौजूदगी से उनमें सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है।