Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

मेडिकल प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, तीन दुकानों में मिली अनियमितताएं

Spread the love

अल्मोड़ा। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से सोमवार को जनपद के विभिन्न मेडिकल प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। औषधि निरीक्षक पूजा जोशी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान मेडिकल स्टोरों के ड्रग लाइसेंस की वैधता, दवाओं के स्टॉक तथा बिक्री और खरीद से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि दवाओं की बिक्री और खरीद पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में तथा पंजीकृत चिकित्सा व्यवसायी के वैध पर्चे के आधार पर की जा रही है या नहीं। इसके अलावा प्रतिष्ठानों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों और उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था की भी जांच की गई।

जांच में तीन मेडिकल प्रतिष्ठानों में विभिन्न अनियमितताएं पाई गईं। इस पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

औषधि निरीक्षक ने बताया कि जनपद में औषधि प्रतिष्ठानों के खिलाफ निरीक्षण और जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि दवाओं की बिक्री में पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।