Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

दसवें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 300 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ

Spread the love


अल्मोड़ा। दसवें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर सोमवार को रैमजे इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मोहम्मद शाहिद के मार्गदर्शन और महापौर अजय वर्मा की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में छह विकास खंडों से पहुंचे आयुष विभाग के 18 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने रोगियों का निःशुल्क उपचार किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अजय वर्मा, पार्षद कुलदीप सिंह, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. बीना बरगली और डॉ. मोहम्मद शाहिद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम से पूर्व डॉ. शाहिद ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में अल्मोड़ा जिले में आयुर्वेद विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य जिले को आयुर्वेदिक चिकित्सा के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखना है। शिविर में एएलवीएल फाउंडेशन द्वारा पैथोलॉजी जांच की सुविधा दी गई। साथ ही ईसीजी, नाड़ी तरंगिणी से कंप्यूटरीकृत नाड़ी परीक्षण, प्रकृति परीक्षण, मर्म चिकित्सा, अग्निकर्म, न्यूरोथेरेपी, लीच थेरेपी और स्त्री रोग संबंधी परामर्श जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। महापौर अजय वर्मा ने शिविर का निरीक्षण करते हुए आयुष विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा आयुर्वेद को प्राथमिक चिकित्सा पद्धति के रूप में स्थापित करने के प्रयास सराहनीय हैं। दोपहर तक 300 से अधिक मरीजों ने पंजीकरण कराया और उपचार प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. शाहिद ने सभी चिकित्सा अधिकारियों, फार्मासिस्टों, कर्मचारियों और विद्यालय प्रशासन को शिविर के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *