Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश

Spread the love

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने निर्वाचक नामावली के गहन पुनरीक्षण कार्यों में तेजी लाने और उन्हें त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी पात्र मतदाता नामावली से छूटना नहीं चाहिए। निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर आयोजित ऑनलाइन समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मतदेय स्थलों में मतदाताओं की मानचित्रण प्रक्रिया 90 प्रतिशत से कम है, वहां संबंधित बीएलओ को आवश्यक निर्देश देकर मानचित्रण कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक जनवरी 2026 से 16 अप्रैल 2026 तक विभिन्न कारणों से निर्वाचक नामावली से हटाए गए मतदाताओं की सूची प्रत्येक मतदेय स्थल पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए को उपलब्ध कराई जाए और संबंधित प्रमाण-पत्र भी तत्काल उपलब्ध कराए जाएं। बैठक में ईआरओ नेट में प्रदर्शित जनसांख्यिकीय समान प्रविष्टियों का उसी दिन निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन नामावली की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण जरूरी है। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।