Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

नर्सिंग संस्थान में शोषण की शिकायतों की जांच को मांगे साक्ष्य

Spread the love

अल्मोड़ा। मां अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस, अल्मोड़ा के खिलाफ छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों के आर्थिक और मानसिक शोषण संबंधी शिकायतों की जांच के लिए गठित त्रि-सदस्यीय समिति ने संबंधित लोगों से साक्ष्य और दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील की है। जांच को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित जांच समिति ने निर्णय लिया है कि इस प्रकरण से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े ऐसे सभी व्यक्ति, जिनके पास शिकायत में वर्णित तथ्यों से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज, अभिलेख या अन्य साक्ष्य उपलब्ध हैं, वे अपना पक्ष समिति के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति इस सूचना के प्रकाशन की तिथि से एक सप्ताह के भीतर किसी भी कार्य दिवस पर जिलाधिकारी कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना लिखित पक्ष तथा संबंधित साक्ष्य एवं दस्तावेज जमा कर सकते हैं। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद प्राप्त किसी भी साक्ष्य या दस्तावेज पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके बाद उपलब्ध अभिलेखों और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर जांच समिति अपनी जांच आख्या तैयार करेगी।