Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

प्रधानमंत्री आवास योजना सर्वे की आपत्तियों का निस्तारण

Spread the love

अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सर्वे 2.0 में पात्र पाए गए लाभार्थियों की सूची पर प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के लिए सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अपीलीय समिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी 208 आपत्तियों का परीक्षण कर उनका निस्तारण किया गया। परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के.एन. तिवारी ने बताया कि जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सर्वे 2.0 के तहत कुल 11,309 लाभार्थी पात्र पाए गए थे। इनकी पात्रता को लेकर ग्राम सभाओं से कुल 208 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। बैठक में परियोजना निदेशक ने सर्वे 2.0 की प्रक्रिया, पात्रता निर्धारण के मानकों और सर्वेक्षण की पूरी कार्यप्रणाली का विस्तृत विवरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी एवं समिति के अध्यक्ष रामजी शरण शर्मा ने प्रत्येक आपत्ति की विस्तार से समीक्षा की। समिति ने विकासखंड स्तर से उपलब्ध कराए गए अभिलेखों और पात्रता-अ पात्रता से संबंधित साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद सभी 208 आपत्तियों का निस्तारण किया। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र सिंह गुंजियाल, समिति सदस्य मनोज ऐरी, वी.पी. मौर्या तथा सभी विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी और सहायक खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।