Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

रक्षाबंधन से पहले अल्मोड़ा में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 130 वाहन चालकों के चालान

Spread the love


अल्मोड़ा। रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने जिलेभर में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान 130 वाहन चालकों के चालान किए गए, दो वाहन सीज किए गए और दो वाहनों से मौके पर ही काली फिल्म हटवाई गई। वहीं नो-पार्किंग में खड़े 34 वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, ओवरलोडिंग, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 130 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। दो वाहनों को सीज किया गया, जबकि काली फिल्म लगे दो वाहनों से मौके पर ही फिल्म हटवाकर चालान किया गया। यातायात पुलिस ने नगर क्षेत्र में नो-पार्किंग जोन में खड़े 34 वाहनों पर जैमर लगाकर नियमानुसार चालानी कार्रवाई भी की। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत जनपद में रह रहे करीब 280 बाहरी व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन की भी जांच की गई। बिना सत्यापन रह रहे तथा सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वाले 33 व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। अल्मोड़ा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा करने से बचें।